मध्यप्रदेश में मंत्री तुलसी सिलावट और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित, अब तक 3.5 हजार लोगों से मुलाकात कर चुके – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मध्यप्रदेश में मंत्री तुलसी सिलावट और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित, अब तक 3.5 हजार लोगों से मुलाकात कर चुके

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के बाद अब भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में संक्रमण मिला है। राज्यपाल रहे लालजी टंडन के निधन पर प्लेन में लखनऊ जाने वालों में सीएम, मंत्री भदौरिया के साथ तीसरे व्यक्ति भगत और चौथे शख्स भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा थे। अब सिर्फ शर्मा ही निगेटिव हैं। उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।

इस बीच मंत्री भदौरिया के बाद अब जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और उनकी पत्नी, भाजपा के संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंसाना और विधायक गिरीश गौतम की पत्नी पॉजिटिव आई।

सिलावट सांवेर विधानसभा उपचुनाव के लिए कई दिनों से गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। चार-पांच दिन में ही वे करीब साढ़े तीन हजार लोगों से मिल चुके हैं। शिवराज के साथ उनकी टीम के दो मंत्रियों के पॉजिटिव आने के बाद अब बाकी मंत्रियों में भी संक्रमण होने संभावनाएं होने की अटकलें हैं। पिछले मंगलवार को सीएम के साथ भगत और भदौरिया कार में गए थे। भदौरिया के पॉजिटिव आने के 60 घंटे बाद उन्होंने जांच कराई थी, जो निगेटिव निकली। अब जब सात दिन बाद फिर सैंपल दिया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

भदौरिया पिछली कैबिनेट बैठक में शामिल रहे। इसलिए मंत्रियों में कोविड संक्रमण की संभावनाएं हैं, क्योंकि अब मंत्री सिलावट पॉजिटिव निकले हैं। भदौरिया भाजपा में भी कई लोगों के साथ रहे। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने भी सेंपल दिया है। बहरहाल, चार दिन से चिरायु में भर्ती मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने अस्पताल से ही प्रदेश की पहली वर्चुअल कैबिनेट की मीटिंग ली। साथ ही कहा कि कोरोना से डरें नहीं, सावधानी रखें। थोड़े भी लक्षण दिखने पर डॉक्टर से राय लें।

तुलसी सिलावट, मंत्री

  • 21 जुलाई को सीएम से मिले। सांवेर के लोगों को मिलवाया। मंत्री उषा ठाकुर, विधायक मालिनी गौड़ और पूर्व विधायक राजेश सोनकर साथ थे।
  • 23-24 को सांवेर का दौरा, 15 से ज्यादा गांव में चौपाल की।
  • 25 को डबलचौकी में बैठक की, 900 से ज्यादा लोग थे।
  • 26 को भाजपा कार्यालय में बैठक की। जयपालसिंह चावड़ा, सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा भी साथ थे।
  • 28 जुलाई को कलेक्टोरेट में कान्फ्रेंस की। कलेक्टर से मिले।
  • घर पर ही इलाज होगा, अस्पताल में एक बेड जरूरतमंद के लिए : भगत

भाजपा के संगठन महामंत्री भगत ने कहा है कि वे
पार्टी दफ्तर में ही अपने निवास पर क्वारेंटाइन हुए हैं। वहीं से उनका इलाज होगा। सभी सावधानियां बरतूंगा। चिरायु अस्पताल नहीं जाने के बारे में उनका कहना है कि उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। अस्पताल में एक बैड रिक्त रहेगा तो किसी जरूरतमंद के काम आएगा।

तीन दिन से साथ घूम रहे तिवारी और शैलेंद्र बरूआ
संक्रमित आशुतोष तिवारी भाजपा के एक और संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ के साथ पिछले तीन दिन से साथ हैं। इंदौर भी साथ गए। तिवारी के पॉजिटिव आने के बाद बरूआ ने सैंपल दिया। रिपोर्ट निगेटिव आई है।

अस्पताल में खुद ही अपनी चाय बना रहा, कपड़े भी धो रहा हूं : शिवराज
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वस्थ हैं। खांसी-बुखार नहीं है। अस्पताल में अपनी चाय खुद बना रहे हैं। कपड़े भी धो रहे हैं। इसका फायदा यह हुआ कि हाथ में फ्रैक्चर के बाद एक हाथ की मुट्ठी वे पूरी तरह बंद नहीं कर पाते थे। फिजियोथैरेपी भी कराई थी पर अब कपड़े धोने से मुट्ठी बंद होने लगी है।

मालिनी गौड़, विधायक
21 जुलाई को लौंटी, 22 को व्यापारिक क्षेत्र में जागरुकता अभियान चलाया। कई व्यापारियों से मुलाकात की। 25 को सीएम की रिपोर्ट आते ही क्वारेंटाइन हो गईं।

उषा ठाकुर, मंत्री
21 को मुख्यमंत्री से मिलने के बाद दो-तीन दिन अलग-अलग कार्यक्रमों व बैठकों में शामिल हुईं। कुछ लोगों से मुलाकात की। 25 को क्वारेंटाइन हुईं।