रांची : राहे में माकपा की बैठक समेत तीन खबरें – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

रांची : राहे में माकपा की बैठक समेत तीन खबरें

राहे में माकपा की बैठक, 13 सितंबर को रांची में डीसी कार्यालय का घेराव

Rahe : प्रजापति सभागार भवन में मंगलवार को माकपा की पंचपरगना स्तरीय जेनरल बॉडी की बैठक हुई. इसमें सुभाष मुंडा के हत्यारों के कड़ी से कड़ी सजा दिलाने सहित जनमुद्दों पर 13 सितंबर को रांची में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया. मंहगाई व बेरोजगारी के खिलाफ 7 सितंबर तक हर गांव में देशव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. मुख्य वक्ता के रूप में माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य सुफल महतो, जिला सचिव सुखनाथ लोहरा, राज्य कमिटी सदस्य सुरेश मुंडा, रंगोवती देवी, जिला कमिटी सदस्य अरूण महतो, दिवाकर मुंडा, लोकल कमिटी सचिव जयपाल मुंडा, भुवनेश्वर मुंडा, जितेन्द्र महतो, रतन महतो, जेहरुलाल मुंडा, विशेश्वर मुंडा, फूलचंद लोहरा, सुरेन्द्र बैठा, हरिश्चंद्र प्रमाणिक, रामधन आदि ने संबोधित किया.

                                                         ——–

सोनाहातू व राहे में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

प्रखंड के सरकारी व निजी स्कूलों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया. स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं. विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया एवं उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. मौके पर छात्रों ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया. हाई स्कूल राहे में आयोजित समारोह में प्रधानाध्यपक डॉ तेजप्रताप अखोरी ने छात्रों को शिक्षक दिवस की महत्ता बताई तथा डॉ राधाकृष्णन के आदर्शों पर चलकर शिक्षण कार्य को रुचिकर बनाने पर जोर दिया. वहीं छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. इसके अलावे कन्या मध्य विद्यालय राहे, ऑर्किट इंटरनेशनल स्कूल, एसएस हाई स्कूल सोनाहातू, हाई स्कूल लांदुपडीह आदि स्कूलों में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शिक्षक दिवस मनाया गया.

                                                      ———

राहे के चैनपुर में हाथियों का उत्पात

प्रखंड के चैनपुर गांव में सोमवार की रात हाथियों के झुंड ने जम कर उत्पात किया. किसानों के 5 एकड़ से अधिक खेत में लगी धान फसल को रौंद दिया. किसान जगदीश महतो, गोविन्द महतो, अनिल महतो के खेत में नुकसान हुआ है. इधर, हाथी द्वारा फसल नुकसान की सूचना पर आजसू प्रखंड अध्यक्ष रंगबहादु महतो, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुभाष चन्द्र महतो, पूर्व प्रमुख सतुला देवी, वार्ड प्रतिनिधि राम प्रसाद बेनु, मुखिया प्रतिनिधि रमेश मुंडा, धनेश्वर महतो ने किसान के खेत में जाकर नुकसान की जानकारी ली और वन विभाग को सूचित किया.