खैरागढ़ : नवागांव बरगांव की महिला समूह बनी मिसाल, वर्मी खाद एवं प्याज उत्पादन कर कमाया 4.10 लाख रूपए – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

खैरागढ़ : नवागांव बरगांव की महिला समूह बनी मिसाल, वर्मी खाद एवं प्याज उत्पादन कर कमाया 4.10 लाख रूपए

खैरागढ़, 29 मई 2023

खैरागढ़

जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में गोधन न्याय योजना की शुरूआत के साथ ही ग्रामीण अंचलों में रोजगार के नये अवसरों का रास्ता भी खुलते जा रहा है। खैरागढ़ विकासखण्ड के नवागांव बरगांव के महिला समूह गौठान में गोबर विक्रय, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, सामुदायिक बाड़ी से कमाल कर मिसाल बन रही हैं।

विकासखंड खैरागढ़ के नवागांव बरगांव गौठान की नैनादेवी स्वयं सहायता समूह ने इस अवसर को पहचाना व वर्ष 2020-21 में से अब तक वैज्ञानिक तरीके से वर्मी खाद उत्पादन कर जरूरत मंद किसानों को अब तक 1028.81 क्विंटल खाद का विक्रय कर 3 लाख 10 हजार 842 रूपये एवं वर्ष 2022-23 में 40 क्विटल प्याज उत्पादन कर 1 लाख रूपये की आमदानी अर्जित कर चुके है, साथ ही अन्य महिलाओं को इस कार्य के लिए प्रेरित कर व प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ा रही है। महिला समूहों ने गौठानों से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण के साथ ही स्वालम्बन की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। वर्मी खाद उत्पादन एवं विक्रय वर्तमान में जैविक खेती की दिशा में आगे बढ़ रहे कृषकों के लिए सबसे अनिवार्य है, जो महिला समूहों के लिए अतिरिक्त आमदनी का सबसे सफल व्यवसाय हैं।

समूह की अध्यक्ष श्रीमती लता नेताम के अनुसार जनपद पंचायत एवं जिला प्रशासन के साथ ही कृषि विभाग से प्रारंभिक तौर पर प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन के कारण ही महिला समूह इस कार्य में पारंगत हुई हैं, साथ ही प्याज उत्पादन को बड़े स्तर पर करने के लिए वर्मी कम्पोस्ट से प्राप्त लाभांश को भी इस कार्य में शामिल कर रहे हैं, जिससे प्राप्त होने वाले आय को समूह के सदस्य आपस में बाट कर परिवार पर खर्च, बच्चों के शिक्षा में सहयोग, अपने लिए गहने तथा घर के मरम्मत जैसे आवश्यक कार्यों को कर रहे है। महिला समूह के सदस्य अब आय मूलक गतिविधियों जैसे जिमीकंद, हल्दी, अदरक का उत्पाद, पोषण वाटिका, वर्मी कम्पोस्ट एवं वाश निर्माण, रागी मिलेट से पौष्टिक आहार बनाने जैसे विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर निरन्तर बेहतर कार्य कर रही हैं और उन्हें आय का अर्जन हो रहा है।