कांग्रेस विधायक और 5 साल की बच्ची सहित 17 नए संक्रमित मिले, एक्टिव केस 858 हुए – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कांग्रेस विधायक और 5 साल की बच्ची सहित 17 नए संक्रमित मिले, एक्टिव केस 858 हुए

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की चपेट में श्रमिक, पुलिसकर्मी, अर्द्धसैनिक बल के जवान, डॉक्टर के बाद अब जनप्रतिनिधि भी आ गए हैं। राजनांदगांव के डाेंगरगांव से कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव अाई है। इसके बाद उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में संक्रमण के 14 नए केस आए हैं। वहीं बेमेतरा में भी 5 साल की बच्ची सहित दो पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में अब एक्टिव केस 858 हो गए हैं। 

डोंगरगांव से विधायक साहू के पॉजिटिव आने के बद उनके परिवार को भी होम आइसोलेट कर दिया गया है। जबकि विधायक से सीधे संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है। विधायक के परिवार के लोगों का कहना है कि वह मटिया गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। इसके बाद एहतियात के तौर पर अपना सैंपल टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। हालांकि विधायक में कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। 

राजनांदगांव में कुल संक्रमित 186 हुए, एक्टिस केस 101
इनके अतिरिक्त राजनांदगांव में साेमवार को 14 अन्य मरीज मिले हैं। इनमें 1 चौकी, 2 खैरागढ़, 1 डोंगरगांव, 7 राजनांदगांव शहर, 1 बागनदी और 1 मरीज मोहला का शामिल है। सभी मरीजों को पेंड्री स्थित कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इससे दो दिन पहले भी राजनांदगांव में 53 नए मरीज मिले थे। जबकि रविवार को 14 संक्रमित सामने आए थे। इसके बाद राजनांदगांव से संक्रमितों की संख्या 186 हो गई है, जबकि एक्टिव केस 101 हो गए हैं। ​

बेमेतरा : कुछ दिन पहले हरियाणा से लौटा था बच्चा
वहीं बेमेतरा में दो बच्चे संक्रमित मिले हैं। इनमें एक 11 साल का लड़का और दूसरी 5 साल की बच्ची है। साजा ब्लाक के ग्राम सोमई कला रहने वाला लड़का कुछ दिन पहले अपने माता-पिता के साथ हरियाणा से लौटा था। वहीं जिले में 5 साल की बच्ची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि मां संक्रमित है। वही अब उसकी बेटी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।