Himalayan Vulture: कानपुर के बाद देवरिया में मिला दुर्लभ प्रजाति का सफेद हिमालयन गिद्ध, भीषण ठंड से हुआ बीमार – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Himalayan Vulture: कानपुर के बाद देवरिया में मिला दुर्लभ प्रजाति का सफेद हिमालयन गिद्ध, भीषण ठंड से हुआ बीमार

देवरिया: देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के गड़ेर गांव के पास शुक्रवार को एक सफेद दुर्लभ गिद्ध पाया गया। कड़ाके की ठंड के चलते गिद्ध बीमार हो गया था और उड़ नहीं पा रहा था। आग तपाने पर उसे थोड़ी राहत मिली तो वह पंख फड़फड़ाने लगा। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गिद्ध का इलाज कर अपने साथ ले गयी। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गिद्ध की उम्र काफी है और यह उत्तराखंड के बर्फीले इलाके में पाया जाता है।

गड़ेर गांव निवासी शिवेंद्र गांव के बाहर स्थित ताल की तरफ गये थे। जहां उन्हें एक बड़ा सा पक्षी दिखाई दिया। नजदीक जाने पर पता चला कि वह एक बड़ा सा सफेद गिद्ध है।

ठंड लगने से बीमार हो गया था गिद्ध
कड़ाके की ठंड के चलते गिद्ध बीमार हो गया था और वह उड़ नहीं पा रहा था। शिवेंद्र ने उसे आग तपाया। आग की गर्माहट से गिद्ध को राहत मिली तो वह उड़ने की कोशिश करने लगा। शिवेंद्र ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और गिद्ध का इलाज कर अपने साथ ले गए। गिद्ध को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।बर्फीले इलाके में पाया जाता है यह गिद्ध
वन विभाग के रेंजर अनुज त्रिपाठी ने बताया कि यह हिमालयन गिद्ध है। यह उत्तराखंड के बर्फीले इलाके में पाया जाता है। यह झुंड में उत्तराखंड से लखीमपुर खीरी, महाराजगंज से कुशीनगर के रास्ते बिहार से बंगाल तक की यात्रा करता है और फिर उसी रास्ते वापस उत्तराखंड लौटता है। रास्ते में यह झुंड से भटक कर देवरिया आ गया होगा। फिलहाल इसका इलाज किया जा रहा है। ठीक होने पर इसे भेज दिया जायेगा। इसके पहले ऐसा ही गिद्ध कानपुर में पाया गया था।