संक्रमित कांग्रेस नेता भोपाल में दिग्विजय सिंह से मिला, डबरा में पूर्व मंत्री लाखन सिंह की बैठक में शामिल हुआ – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

संक्रमित कांग्रेस नेता भोपाल में दिग्विजय सिंह से मिला, डबरा में पूर्व मंत्री लाखन सिंह की बैठक में शामिल हुआ

शहर के जवाहरगंज में रहने वाले कांग्रेस नेता कीर्ति सिंह मंगलवार को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वे 7 जून को भोपाल से लौटे थे। उनकी कांटेक्ट हिस्ट्री खंगालने पर पता चला है कि वे भोपाल में न केवल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के संपर्क में रहे बल्कि उन्होंने वहां कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी की थी। इसके अलावा दिल्ली में भी कई लोगों से मिले।

यही नहीं, डबरा में 10 जून को आयोजित कांग्रेस की मीटिंग में भी वे मौजूद रहे। इस मीटिंग में पू्र्व मंत्री लाखन सिंह यादव सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए थे। अब स्थानीय प्रशासन ने कीर्ति सिंह के संपर्क में आए सभी लोगों की सूची संबंधित कलेक्टरों को भेजी है। वहीं उनके परिवार और रिश्तेदारों की सैपलिंग गुरुवार को कराई जाएगी। शहर के जवाहरगंज क्षेत्र में रहने वाले कीर्ति सिंह पुत्र पदमसिंह मूल रूप से मगराैरा निवासी हैं।

मंगलवार को उनकी रिपाेर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने उनकी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री पता की। कीर्ति सिंह की कांटेक्ट हिस्ट्री डबरा के अलावा भोपाल और दिल्ली तक है। एक जून को वे दिल्ली गए थे और वहां पर अपने कई परिचितों से भी मुलाकात की थी। इसके बाद वे 5 जून को भोपाल पहुंचे, जहां पर पू्र्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के ओएसडी सहित अन्य नेताओं के संपर्क में आए। 7 जून को वे डबरा लौटकर आए।

इसके बाद 10 जून को ठाकुर बाबा रोड स्थित तिवारी मैरिज गार्डन में आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विजयलक्ष्मी साधौ सहित कई नेता शामिल हुए थे। कीर्ति सिंह की लंबी कांटेक्ट हिस्ट्री की सूची तैयार कर स्थानीय प्रशासन ने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को भेजी है।

खुद की लापरवाही बना रही लोगों को कोरोना संक्रमित, बढ़ा रहा आंकड़ा
शासन द्वारा लॉक डाउन इसलिए लगाया गया कि लोग संक्रमण में नहीं आएं। लेकिन लोगों की खुद की लापरवाही उन्हें संक्रमण का शिकार बना रही है। सबसे पहले रोहिरा परिवार के चलते लोग संक्रमण का शिकार हुए। रोहिरा परिवार में हुई उठावनी में शामिल होने से लोग संक्रमण की चपेट में आए।

इसके बाद गुप्ता परिवार में भी उठावनी में शामिल होने के चलते परिवार व संपर्क में आने वाले लोग संपर्क में आए लोग संक्रमित हुए। इसके बाद पाराशर परिवार में हुए भंडारे के कारण लोग संक्रमण का शिकार हुए। तीनों ही मामलों में लोगों की खुद की लापरवाही सामने आई, जिससे शहर में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ गया, जो 53 पर पहुंच गया है।

मास्क भी नहीं पहना और दूरी का भी नहीं रखा ख्याल

कोरोना संक्रमण से बचने के लिए शासन ने मास्क पहनने और एक-दूसरे से कम से कम 6 फीट की दूरी रखने के लिए कहा है, लेकिन इसके बाद भी लोग इन नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही कोरोना पॉजिटिव कीर्ती मगरौरा के मामले में सामने आया है, उनके द्वारा भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात के दौरान न तो मास्क पहना गया और न ही इस मुलाकात के दौरान कम से कम 6 फीट की दूरी का ख्याल रखा।

कोरोना संक्रमितों की चेन फिर से बढ़ने का खतरा

रामगढ़ रोड निवासी रमेश पाराशर के भाई महेश पाराशर के संपर्क में रहने वाले संक्रमित मरीज बुजुर्ग रोड निवासी आढ़तिया सुरेंद्र रावत के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आने के बाद चेन टूट गई थी। लेकिन अब कीर्ति सिंह की कांट्रेक्ट हिस्ट्री लंबी होने के चलते एक बार फिर से संक्रमितों की चेन बढ़ने का खतरा पैदा गया है। प्रशासन द्वारा उसके संपर्क में आने वालों 11 लोगों की सूची तैयार की है जिनकी गुरुवार को सैंपलिंग कराई जाएगी।

लोगों को कोरोना से बचने के लिए कर रहे सचेत

डबरा के एसडीएम राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि जवाहरगंज क्षेत्र में संक्रमित मिले व्यक्ति की कांंटेक्ट हिस्ट्री में कई लोग संपर्क में आना पाए गए हैं। भोपाल और दिल्ली में संपर्क में आए लोगों की सूची संबंधित कलेक्टरों को भेज दी है। शहर में जो लोग उसके संपर्क में अाए हैं, उनकी गुरुवार को सैंपलिंग कराई जाएगी। कोरोना को लेकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है, लोगों को मास्क पहनने और दूरी बनाने भी कहर रहे हैं।

लोगों को घरों में रहने की सलाह

शहर के जवाहर गंज क्षेत्र में कटारिया चौराहे के पास स्थित मगरौरा मार्केट वाली गली को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसके लिए बुधवार को प्रशासन द्वारा गली के दोनों और बैरिकेड लगाकर उसे बंद कर दिया गया है। साथ ही पूरी गली में सेनेटाइजर का छिड़काव कराया गया। अधिकारियों द्वारा अनाउंसमेंट करा कर गली में रहने वाले सभी लोगों से घर के अंदर ही रहने के लिए कहा गया है। लोगों को हिदायत दी गई है कि घरों से न निकलें। कोरोना से बचाव के लिए शासन द्वारा बताए गए उपाय अपनाएं।