Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Mathura: पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा के साथ भक्ति में लीन नजर आए विराट कोहली, बाबा नीम करौली का लिया आशीर्वाद

मथुरा: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ बुधवार को वृंदावन पहुंचे। यहां दोनों ने बाबा नीम करौली के दर्शन किए। विराट और अनुष्का को प्रसाद के रूप में कंबल भेंट किया गया। उनके वृंदावन कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया। इस दौरान विराट और अनुष्का ने मीडिया से दूरी बनाए रखीं। उन्‍होंने समाधि स्थल के दर्शन के बाद कुटिया में ध्यान भी लगाया।

बुधवार को विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन पहुंचे। उन्होंने बाबा नीम करोली की समाधि स्थल के दर्शन किए। विराट और अनुष्का आश्रम में करीब एक घंटे तक रुके। बाबा नीम करोली का आशीर्वाद लिया। बाबा नीम करौली की प्रतिमा के समक्ष खड़े होकर मनोती माँगी। समाधि स्थल के दर्शन के बाद कुटिया में ध्यान भी लगाया। इसके बाद आनंदमयी आश्रम के लिए रवाना हो गए। उनका कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।

मीडिया को भनक तक नहीं लगी
आनंदमयी आश्रम में मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया। विराट और अनुष्का का वृंदावन आने का कार्यक्रम बुधवार दोपहर को था, लेकिन वे सुबह-सुबह ही बाबा नीम करोली आश्रम पहुंच गए। उनका कार्यक्रम इतना गोपनीय रहा कि किसी को भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि विराट और अनुष्का के मथुरा आने से पहले ही यहां एक सितारा होटल में कमरे बुक किए गए हैं।

बाबा की भक्ति में लीन नजर आए विराट और अनुष्का
बाबा नीम करोली आश्रम में विराट और अनुष्का को प्रसाद के रूप में कंबल भेंट किया। दोनों ने बाल भोग का प्रसाद भी ग्रहण किया। बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का दोनों की बाबा नीम करोली महाराज में काफी श्रद्धा है। एक भक्त विवेक ने बताया कि बाबा के आश्रम में विराट और अनुष्का भक्ति में लीन नजर आए।

(रिपोर्ट: निर्मल राजपूत)