मुंबई फ्लाइट 3 माह बाद आज से, उड़ानें रहेंगी हफ्ते में 3 दिन – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मुंबई फ्लाइट 3 माह बाद आज से, उड़ानें रहेंगी हफ्ते में 3 दिन

राजधानी और मुंबई का 3 माह से टूटा हवाई संपर्क गुरुवार 18 तारीख से फिर जुड़ जाएगा और पहला विमान करीब तीन महीने बाद मुंबई से सुबह साढ़े 10 बजे उड़कर रायपुर आएगा। मुंबई के लिए हफ्ते में केवल 3 दिन फ्लाइट रहेगी, वह भी एक सुबह और एक दोपहर। कोरोना से बुरी तरह प्रभावित रहने के कारण मुंबई विमान शुरू नहीं हो पाए थे। वहां अतिरिक्त सावधानी के साथ एयरपोर्ट और रेलवे की लोकल ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। इसलिए रायपुर फ्लाइट भी शुरू होगी। 
मुंबई के लिए लंबे समय बाद उड़ान शुरू होने की वजह से अभी किराया भी ज्यादा है। कुछ समय पहले टिकट लेने पर 7000 और तत्काल में टिकट बनाने पर 10 हजार रुपए से ज्यादा खर्च हो रहे हैं। ट्रैवल्स संचालकों के अनुसार अभी मुंबई से आने वाले यात्रियों की संख्या और रायपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या कम रहेगी।

बुकिंग भी मुंबई से रायपुर के लिए ही ज्यादा हुई है। अनुमान है कि मुंबई में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें होने की वजह से भी जरूरी काम होने पर ही लोग मुंबई जाएंगे। इंडिगो की पहली फ्लाइट मुंबई से सुबह 10.35 को उड़ान भरकर दोपहर 12.30 बजे रायपुर आएगी। यहां से दोपहर 1 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। दूसरी फ्लाइट दोपहर 1.10 को मुंबई से उड़कर 2.55 को रायपुर आएगी। यहां से दोपहर 3.25 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। अब ये दोनों फ्लाइट हफ्ते में 3 दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगी। मुंबई में स्थिति सामान्य होेने के बाद यह फ्लाइट हफ्ते में 7 दिन चलेगी।