Kaushambi News: कौशांबी में खाना बनाते समय फटा कुकर, 40 फीसदी महिला झुलसी – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Kaushambi News: कौशांबी में खाना बनाते समय फटा कुकर, 40 फीसदी महिला झुलसी

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में कुकर फट गया। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे ऐंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू कर दिया है। इमरजेंसी डॉक्टर के मुताबिक, महिला को 40 फीसदी बर्न इंजरी हुई है। महिला को आईसीयू में रखा गया है।

कोखराज के नरवरपट्टी गांव के मजरा देवरा में शिव बचन का परिवार रहता है। शिव बचन के घर में पत्नी शांति देवी (50) 3 बेटी और 2 बेटे हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। वह अपने ससुराल में रहती है। शिव बचन पेशे से किसान हैं। खेती किसानी कर अपना और परिवार का पेट पालते हैं। शनिवार सुबह करीब 7 बजे रसोई में शांति देवी परिवार के लिए खाना बना रही थी। कुकर में दाल चढ़ाकर वह सब्जी काट रही थी। अचानक कुकर में विस्फोट हो गया। कुकर का दक्कन तेज आवाज के साथ छत से जा टकराया। कुकर में पक रही दाल पानी समेत शांति के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। कुकर फटने की आवाज सुन महिला के बेटे और आसपास के लोग भाग कर रसोई में पहुंचे। जहां शांति घायल दर्द से कराह रही थी।

ऐंबुलेंस को सूचना देकर मां शांति को बच्चे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज लेकर पहुंचे। जहां शांति की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पातल में महिला को डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टर विवेक केसरवानी ने बताया कि कोखराज से एक महिला को बर्न इंजरी के चलते भर्ती कराया गया है। मरीज को 40 फीसदी बर्न इंजरी है। जिसका भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने महिला के घायल होने की वजह कुकर का फटना बताया है।
रिपोर्ट- अशोक विश्वकर्मा