Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मैनपुरी में अब कमल खिलेगा… मुलायम की सीट पर केशव मौर्य का दावा, बोले- नेताजी के सम्मान में प्रचार करने नहीं जाते थे मोदी

मैनपुरीः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कमल खिलेगा। मौर्य ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के बडे़ नेता थे। उनके निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर अब भाजपा का कमल खिलेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेताजी का कितना सम्मान करते थे, इस बात का अन्दाजा इससे लगा सकते हैं कि वह 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में नेताजी के निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करने नहीं गए थे।’ गौरतलब है कि मैनपुरी से सांसद और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का पिछली 10 अक्टूबर को 82 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। यादव ने साल 2014 का लोकसभा चुनाव मैनपुरी और आजमगढ़ सीटों से लड़ा था और दोनों ही जगह उन्हें जीत हासिल हुई थी।

बाद में उन्होंने मैनपुरी सीट छोड़ दी थी। भाजपा ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से शत्रुघ्न सिंह चौहान को मुलायम के मुकाबले मैदान में उतारा था। मुलायम के यह सीट छोड़ने पर हुए उपचुनाव में पार्टी ने प्रेम सिंह शाक्य को उम्मीदवार बनाया था। बाद में 2019 के आम चुनाव में भी शाक्य को ही भाजपा का टिकट मिला था। मुलायम की प्रतिष्ठापूर्ण सीट के उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं हुई है। इसके लिए समाजवादी पार्टी ने अभी कोई उम्मीदवार भी घोषित नहीं किया है।