Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Karwa Chauth Weather: क्‍या कल UP में दिखेगा करवाचौथ का चांद, क्‍या कहता है मौसम

लखनऊ:करवाचौथ में चांद का कुछ अलग ही महत्व होता है। व्रतियों में चांद को देखकर व्रत तोड़ने की परंपरा है। छलनी से चांद और पति का चेहरा देखकर व्रतियां अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना करती हैं। इसके बाद व्रत को तोड़ा जाता है। इस मौके पर आसमान में छाने वाला बादल कई बार व्रतियों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। सांकेतिक तौर पर चांद का दर्शन कर व्रत तोड़ने की बात कही जाती रही है। हालांकि, उत्तर प्रदेश में गुरुवार को साफ मौसम रहने की भविष्यवाणी मौसम विभाग की ओर से की गई है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को दिन में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार की शाम 5.40 बजे सूर्यास्त होगा। हालांकि, व्रतियों को चांद देखने के लिए कुछ देर इंतजार करना होगा। शाम 7.58 मिनट पर राजधानी के आसमान में चंद्रोदय का समय मौसम विभाग की ओर से बताया गया है। इसके बाद पूरी रात चांद दिखाइ्र देगा। मौसम विभाग की ओर से रात के तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का दावा है कि दिन में आसमान में धुंध जैसी स्थिति दिख सकती है। आधी रात के बाद भी असर दिख सकता है। शाम में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

नोएडा और गाजियाबाद में भी दिखेगा चांद
नोएडा और गाजियाबाद में भी गुरुवार को चांद दिखने का अनुमान जताया गया है। शहर में सूर्यास्त को समय शाम 5.53 बजे बताया गया है। वहीं, चंद्रोदय का समय रात 8.09 बजे बताया गया है। गुरुवार को दोनों शहरों में मौसम में रात को बारिश जैसी संभावना नहीं जताई गई है। दिन में धूप खिलने और मौसम के भारी रहने के कारण अधिकतम तापमान के 31 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री सेल्सियस रहने से लोगों को राहत मिलेगी।