Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

जेल चौराहे पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी, पुलिस लाइन तिराहे पर अहिल्याबाई होल्कर एवं अन्य स्थानों पर महाराणा प्रताप व नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा होगी स्थापित

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि जनपद मैनपुरी के जेल चौराहे पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी की कांस्य की विशाल मूर्ति की स्थापना संस्कृति विभाग द्वारा कराई जायेगी। इस कार्य के लिए 20 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इसके साथ ही इस स्थल के सौन्दर्यीकरण के लिए अलग से धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी। अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा राज्य ललितकला अकादमी द्वारा तैयार की जा रही है।
पर्यटन मंत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके अलावा जनपद की पुलिस लाईन तिराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इस मूर्ति का निर्माण राज्य ललितकला अकादमी द्वारा कराया जा रहा है। इस कार्य की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जनपद के करहल चौराहे पर महाराणा प्रताप की कांस्य की विशाल प्रतिमा की स्थापना कराई जायेगी। इसका निर्माण राज्य ललितकला अकादमी द्वारा विशेष रूप से कराया जा रहा है। इस प्रतिमा पर लगभग 20 लाख रूपये की धनराशि व्यय की जायेगी। इसके साथ ही सौन्दर्यीकरण का कार्य भी कराया जायेगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति एवं अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद के भावंत चौराहा पर नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा भी संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित कराई जायेगी। इसका निर्माण भी ललितकला अकादमी द्वारा कराया जायेगा। इसकी स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में महापुरूषों की मूर्तियों की स्थापना किये जाने की परियोजना है। दूसरे चरण में अन्य महापुरूषों की मूर्तियों को भी स्थापित किया जायेगा। जिसके लिए स्थल का चयन प्रक्रियाधीन है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इन मूर्तियों की स्थापना से आज की पीढ़ी अतीत के गौरवशाली इतिहास को जान सकेगी, इसके साथ ही अपने राष्ट्र नायकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा प्राप्त करेगी। इससे युवाओं में देश प्रेम की भावना जागृत होगी। इसके अलावा चौराहों का सौन्दर्यीकरण कराये जाने से शहर की छवि में निखार आयेगा। शहर के लोग अवकाश एवं अन्य अवसरों पर इनका दीदार कर सकेंगे।