Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP News: कोरोना के दौरान पैरोल पर छोड़े गए 24 कैदी फरार, पुलिस के लिए बने चुनौती

बांदा: कोरोना (Corona) काल में जेल में फैल रहे संक्रमण से कैदियों को बचाने के उद्देश्य से शासन ने कुछ कैदियों को पैरोल पर रिहा करने के आदेश दिए थे। इसके तहत बांदा जेल में बंद 53 कैदियों को रिहा कर दिया गया था। इनमें से 29 कैदी वापस आ गए, लेकिन 8 माह बाद भी 24 कैदी फरार हैं। इनके अब तक वापस न आने से जेल प्रशासन परेशान है।

शासन के आदेश पर कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए 26 मई 2021 को बांदा जेल से 53 कैदियों को पैरोल पर रिहा कर दिया गया था। इन्हें 60 दिन के अंदर जेल वापस आने के लिए समय सीमा भी तय की गई थी। इन कैदियों को रिहा करते समय यह शर्त भी रखी गई थी कि जिन्हें रिहा किया जा रहा है। वह निश्चित समय पर स्वयं जेल वापस आ जाएंगे। यह समय सीमा नवंबर 2021 में पूरी हो गई थी। इस दौरान आधे से ज्यादा कैदियों ने जेल की शर्तों का पालन नहीं किया।

पुलिस और जेल के लिए मुसीबत बने फरार कैदी
तमाम हथकंडे अपनाने के बाद भी 32 कैदी फरार चल रहे थे। इस दौरान जेल प्रशासन ने पुलिस की मदद से आठ और कैदियों को जेल वापस लाने में सफलता प्राप्त कर ली है। लेकिन अभी भी 24 कैदी फरार हैं जो जेल प्रशासन के लिए मुसीबत बने हुए हैं।

कई सजायाफ्ता कैदी भी शामिल
बताया जा रहा है कि इसमें कई कैदी सजायाफ्ता भी हैं, जो खुले में रहकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसी बात से लेकर जेल प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही है। फरार चल रहे कैदियों को वापस लाने के लिए जेल प्रशासन संबंधित थानों के जरिए उन्हें ढूंढ निकालने को मदद मांग रही है।

पुलिस से मांगी है मदद
इस बारे में प्रभारी जेल अधीक्षक वीरेंद्र कुमार वर्मा का कहना है कि फरार कैदियों को जेल वापस लाने के लिए पुलिस अधीक्षक से सहयोग करने का आग्रह किया गया है। अब उनके वर्तमान ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट – अनिल सिंह