UP Weather Update: लखनऊ में बदलेगा मौसम, नोएडा और गाजियाबाद में गर्मी…जानिए पूर्वांचल के मौसम का हाल – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Weather Update: लखनऊ में बदलेगा मौसम, नोएडा और गाजियाबाद में गर्मी…जानिए पूर्वांचल के मौसम का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक फिर मौसम (UP Weather) के तेवर गर्म हैं। सुबह से ही निकल रही धूप के कारण गर्मी और उमस जैसी स्थिति बन गई है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप का सामना लोगों को करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग ने लखनऊ और पूर्वांचल के इलाकों में एक बार फिर मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई गई है। लखनऊ में अगले दो दिनों में बारिश और आंधी के आसार जताए गए हैं। गाजियाबाद और नोएडा में लोगों को एक बार फिर गर्मी का अहसास होने लगा है। पूर्वांचल में बादल छाने की संभावना है। वैसे पिछली बार भी वाराणसी में बादल छाए थे, लेकिन इस बार प्री-मॉनसून बारिश नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीखी गर्मी के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।

यूपी में शुक्रवार को कई स्थानों पर मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई गई है। राजधानी लखनऊ में सुबह से ही धूप के कारण लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। हालांकि, संभावना जताई गई है कि दिन में बादल छाएंगे और दूसरे पहर में बारिश भी हो सकती है। दिन में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मई माह के अंत तक तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। जून की शुरुआत में एक बार फिर राजधानी का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है।

नोएडा में भी बादलों के बीच मौसम गर्म
नोएडा में भी मौसम का रुख गरम रहने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। शहर में बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। बारिश जैसे हालात बने तो लोगों को राहत मिलेगी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। शहर में शनिवार से तापमान 40 डिग्री को पार करने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी दिखेगी। नोएडा में एक बार फिर तेज गर्मी की संभावना जून के शुरुआती दिनों में जताई गई है।

गाजियाबाद में तेज गर्मी का अहसास
गाजियाबाद में लोगों को पिछले दो दिनों में तेज गर्मी का अहसास हुआ है। शुक्रवार की सुबह से ही तीखी धूप का अहसास लोगों को हुआ। दिन में आसमान में बादल छाने की उम्मीद की गई है, लेकिन इससे गर्मी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की संभावना है। अगर बारिश होती है तो लोगों को राहत मिल सकती है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

वाराणसी में चार दिन दिखेंगे बादल
वाराणसी में बादलों का प्रभाव देखा जा रहा है। शुक्रवार की सुबह मौसम साफ रहा और दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जाने की उम्मीद जताई गई है। साथ ही, मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि बारिश भी हो सकती है। प्री-मानसून बारिश की संभावना अगले चार दिनों तक होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इस दौरान लोगों को गर्मी से अधिक राहत मिलने की संभावना नहीं है। वहीं, गोरखपुर में गर्मी का असर एक बार फिर बढ़ रहा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक शहर में बादलों के प्रभाव का अनुमान जताया गया है।