Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ghazipur News: योगी सरकार का माफियाओं पर ताबड़तोड़ ऐक्शन, नकल माफिया की ढाई करोड़ की संपत्ति सीज

Default Featured Image

गाजीपुर: योगी सरकार 2.0 में भी माफियाओं के खिलाफ एक के बाद ऐक्शन लिया जाना जारी है। एक तरह गाजीपुर के मूल निवासी और मऊ सदर के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी पर गैंगस्टर ऐक्ट के तहत कई प्रॉपर्टी को जिला प्रशासन ने पहले ही सीज कर दिया है। वहीं, अब शिक्षा माफियाओं को भी यूपी पुलिस ने अपने रडार पर ले लिया है। शनिवार को करीब ढाई करोड़ के कीमत की बिल्डिंग को जिला प्रशासन ने मुनादी कर सीज किया। यह बिल्डिंग नकल माफिया महेंद्र कुशवाहा की बताई जा रही है।

शनिवार को छावनी लाइन रघुनाथपुर में एक निजी आईटीआई कॉलेज की बिल्डिंग को जिला प्रशासन ने सीज कर दिया। सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने मीडिया को बताया कि यह बिल्डिंग नकल माफिया महेंद्र कुशवाहा की है। महेंद्र कुशवाहा पर कई परीक्षाओं में नकल कराने का आरोप है। पुलिस की ओर से महेंद्र कुशवाहा के बाबत तैयार की गई रिपोर्ट पर विचार करते हुए जिलाधिकारी ने गैंगस्टर ऐक्ट की धारा 4(1) के तहत उसकी संपत्ति को सीज करने का आदेश पारित किया है। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में शनिवार को एसडीएम सदर और सीओ सिटी की मौजूदगी में महेंद्र कुशवाहा की बिल्डिंग को सीज किया गया। ओजस्वी चावला ने बताया कि बिल्डिंग की कीमत का मूल्यांकन पीडब्ल्यूडी की ओर से वर्तमान बाजार दर के अनुसार 2 करोड़ 61 लाख रुपये का किया गया है।

सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि महेंद्र कुशवाहा, पारस कुशवाहा नकल गैंग का सदस्य है। पारस कुशवाहा इस गैंग का टीम लीडर है। अब तक नकल माफिया पारस कुशवाहा गैंग की कुल करीब 27 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रॉपर्टी पर ऐक्शन लिया गया है। सीओ सिटी ओजस्वी चावला के अनुसार, पारस कुशवाहा की अब तक 2 करोड़ 31 लाख की संपत्ति कुर्क की गई है। पारस के दोनों भाइयों राजेंद्र कुशवाहा की 9 करोड़ 57 लाख की संपत्ति और महेंद्र कुशवाहा की 5 करोड़ 94 लाख की संपत्ति कुर्क की गई।