यूक्रेन संकट में ग्लोबल लीडर बने प्रधानमंत्री मोदी, पुतिन-जेलेंस्की-मैक्रों सहित कई यूरोपीय नेताओं ने की बात – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूक्रेन संकट में ग्लोबल लीडर बने प्रधानमंत्री मोदी, पुतिन-जेलेंस्की-मैक्रों सहित कई यूरोपीय नेताओं ने की बात

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ग्लोबल लीडर की भूमिका निभा रहे हैं। यूक्रेन संकट के बाद से प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति पुतिन से दो बार बात कर चुके हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलडोमेर जेलेंस्‍की से भी बात कर चुके हैं। इस युद्ध काल में दुनियाभर की नजर भारत पर लगी हुई है। तमाम बड़े नेताओं को विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी युद्ध को खत्म कराने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने कई यूरोपीय नेताओं से बात की।

मंगलवार, 2 मार्च को उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों, पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल से बातचीत की। राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ओर से युद्ध प्रभावित क्षेत्र से अपने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने और वहां प्रभावित लोगों के लिए दवाइयों के साथ ही जरूरी राहत सामग्री भेजने के बारे में भी बताया। प्रधानमंत्री ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत का स्वागत किया।

पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डुडा से बात में प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद देने के लिए आभार जताया। इसके साथ ही यूक्रेन से पोलैंड की सीमा में प्रवेश करने के लिए वीजा की जरूरत में ढील देने के लिए भी उन्हें धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरे विश्व युद्ध के समय पोलैंड के कई परिवारों और अनाथ हो चुके बच्चों को बचाने में जामनगर के महाराज की भूमिका को भी याद किया। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल से बातचीत में प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन की बीच बातचीत का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में बिगड़ती स्थिति और मानवीय संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने युद्ध समाप्त करने और वार्ता की ओर लौटने की भारत की अपील को दोहराया। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि समकालीन वैश्विक व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता एवं संप्रभुता के सम्मान पर आधारित है। चार्ल्स मिशेल ने कहा कि यूरोपीय देश भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से निकालने में पूरी मदद कर रहे हैं। हंगरी के पीएम विक्टर ओबानो ने भी प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर यूक्रेन के हालातों पर बात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने 28 फरवरी को ही रोमानिया के प्रधानमंत्री निकोलाई जोनेल च्युका के साथ टेलीफोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने पिछले कुछ दिनों के दौरान यूक्रेन से भारतवासियों को बाहर निकालने में रोमानिया द्वारा दी गई सहायता के लिए निकोलाई जोनेल च्युका को धन्यवाद दिया। उन्होंने रोमानिया की सद्भावना की विशेष प्रशंसा की कि उसने भारतीय नागरिकों को बिना वीसा के रोमानिया में प्रवेश करने दिया और उनकी देशवापसी के लिए भारत से विशेष उड़ानों को अनुमति दी।