BJP New Candidate List : मंत्री स्वाति सिंह की जगह उनके पति पर बीजेपी को भरोसा, बलिया से सुरेंद्र सिंह का पत्ता साफ – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

BJP New Candidate List : मंत्री स्वाति सिंह की जगह उनके पति पर बीजेपी को भरोसा, बलिया से सुरेंद्र सिंह का पत्ता साफ

लखनऊ : सरकार में मंत्री रहीं स्वाति सिंह का टिकट काटने के बाद भाजपा ने उनके पति और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को बलिया सदर से चुनाव मैदान में उतार दिया है। यहां से विधायक और सरकार में राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला को बलिया की ही बैरिया विधानसभा से प्रत्याशी बनाया गया है। पहले दयाशंकर सिंह और स्वाति सिंह लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से दावेदारी कर रहे थे। बैरिया से बड़बोले विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट भी काट दिया गया है। पार्टी ने कुल 11 विधायकों के टिकट काटे हैं, इनमें सपा में जाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान भी शामिल हैं। उम्मीदवारों में सात महिलाएं भी शामिल हैं।

नौ दिन में बदला बाराबंकी का टिकट
भाजपा ने नौ दिन के भीतर ही बाराबंकी का टिकट बदल दिया है। 28 जनवरी को घोषित सूची में पहले यहां से अरविंद मौर्य को प्रत्याशी बनाया गया था। अरविंद भाजपा के जिला महामंत्री हैं। पार्टी के ही लोगों ने उनकी शिकायत कर दी थी कि एक मुकदमे में अरविंद मौर्य पर कार्रवाई हुई थी। इस पर भाजपा आलाकमान ने अरविंद की जगह उनकी पत्नी डॉ. राजकुमारी मौर्य को प्रत्याशी बनाया है। राजकुमारी मौर्य पेशे से शिक्षिका हैं।

मंत्रियों पर भरोसा, बाहरियों को भी टिकट
भाजपा ने इस सूची में राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का बलिया सदर से टिकट काटा पर उन्हें बैरिया से उम्मीदवार बना दिया। वहीं मंत्रियों संगीता बलवंत बिंद, अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, रमाशंकर पटेल और नीलकंठ तिवारी का टिकट बरकरार रखा गया है। पार्टी ने बसपा से आई वंदना सिंह, त्रिभुवन राम, सीताराम वर्मा, दो साल पहले बसपा से आए पूर्व मंत्री विनोद सिंह को भी उम्मीदवार बनाया है।

पिछड़ों पर भरोसा, यादवों के टिकट काटे
पार्टी ने पिछड़ों पर तो भरोसा बरकरार रखा है, पर एक भी यादव को टिकट नहीं दिया है। फूलपुर पवई से अरुण यादव का टिकट काट दिया गया है। अरुण यादव का टिकट उनके पिता रमाकांत यादव के इसी सीट से सपा प्रत्याशी बनने की वजह से काट दिया गया है। पार्टी ने 16 पिछड़ों, नौ ठाकुरों, आठ ब्राह्मणों, नौ दलितों, एक कायस्थ और एक भूमिहार को टिकट दिया है।
BJP New Candidate List: बीजेपी ने जारी की नई लिस्‍ट, बलिया से दयाशंकर सिंह को उतारा, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट कटा
इनके टिकट काटे
गरिमा सिंह-अमेठी, सूर्यभान सिंह-सुलतानपुर, देवमणि द्विवेदी-लम्भुआ, संजू देवी- टांडा, अनीता कमल-आलापुर, स्वामी प्रसाद मौर्य-पडरौना, काली प्रसाद-सलेमपुर, फूलपुर पवई-अरुण यादव, मधुबन-दारा सिंह चौहान, बैरिया-सुरेंद्र सिंह।