UP-UK Weather Update: NCR और लखनऊ में हल्की बारिश से ठंड का सितम, केदारनाथ में बर्फबारी से बढ़ी गलन – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP-UK Weather Update: NCR और लखनऊ में हल्की बारिश से ठंड का सितम, केदारनाथ में बर्फबारी से बढ़ी गलन

लखनऊ
बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों ने ठंड ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का असर दिख रहा है। दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बारिश के बाद बादलों ने प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। लखनऊ में भी रिमझिम बारिश हुई है। इस कारण ठंड का असर काफी ज्यादा बढ़ गया है। नोएडा और गाजियाबाद में भी कोहरे का असर देखा जा रहा है। लोगों को हल्की हवा के कारण चुभन का अहसास हो रहा है। यहां भी रात में बूंदाबांदी होने की जानकारी है।

लखनऊ में गुरुवार की सुबह हल्की बारिश के कारण मौसम काफी सर्द हो गया। सुबह आठ बजे तापमान करीब 9 डिग्री था, लेकिन लोगों का 7 डिग्री सेल्सियस जैसा अहसास हुआ। हल्की बारिश और धुंध के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है। सुबह में विजिबिलिटी करीब 100 मीटर ही रही। मौसम विभाग की ओर से दिन में आसमान में बादल छाए रहने और धुंध की स्थिति बरकरार रहने की चेतावनी दी है। अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, शनिवार और रविवार को लखनऊ में तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है।

नोएडा में हल्की हवाओं का असर
नोएडा में हल्की हवाओं ने अपना असर दिखाया है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इस कारण लोगों को चुभन का अहसास हो रहा है। दिन में बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। शनिवार और रविवार को तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। रात में एक से डेढ़ बजे के बीच हल्की बूंदाबांदी ने परेशानी बढ़ाई है। विजिबिलिटी 100 मीटर रह गई है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है।

गाजियाबाद में छाया घना कोहरा
गाजियाबाद में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। सुबह से ही कोहरे का असर दिख रहा है। रात में हुई हल्की बारिश ने ठंड को काफी बढ़ा दिया है। हालांकि, दिन में जिले में धूप निकलने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से शनिवार और रविवार को तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। जिले में अभी 8 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवा लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विजिबिलिटी 100 मीटर के करीब है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है।

केदारनाथ में बर्फबारी से बढ़ी सर्दी
केदारनाथ में लगातार बर्फबारी ने सर्दी को बढ़ाया है। यहां हल्की बर्फबारी के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड में बारिश के आसार बने हुए हैं। सर्द हवाएं चल रही हैं। इस कारण ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की उम्मीद जताई है। पहाड़ों के साथ-साथ निचले इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

देहरादून में दो दिन रह सकता है डे कोल्ड
राजधानी देहरादून में बादल छाए हुए हैं। दिन में बारिश की उम्मीद जताई गई है। धूप निकलने की कोई उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को भी इसी प्रकार मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार से लेकर सोमवार तक राजधानी में बारिश की उम्मीद जताई है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम हो जाएगा। शनिवार और रविवार को डे कोल्ड की भविष्यवाणी की गई है। राजधानी में गुरुवार को हल्की बारिश के बीच अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की उम्मीद है।