Assembly Election 2022 Live : गोवा में आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे भंडारी समाज से आने वाले अमित पालेकर – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Assembly Election 2022 Live : गोवा में आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे भंडारी समाज से आने वाले अमित पालेकर

12:31 PM, 19-Jan-2022

गोपालपुर या मैनपुरी की सीट से चुनाव लड़ सकते हैं अखिलेश यादव 
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में उतर सकते हैं। इसे लेकर पार्टी के अंदर खाने में सीटों पर विचार शुरू हो गया है। उनके लिए आजमगढ़ जिले की गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र और मैनपुरी जिले की एक विधानसभा पर विचार चल रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन दोनों सीटों के समीकरण पर मंथन चल रहा है। हालांकि अभी तक चुनाव लड़ने की अधिकृत घोषणा नहीं की गई है।  गोपालपुर सीट पर नफीस अहमद विधायक हैं। वह अखिलेश यादव के खास माने जाते हैं। चार बार से लगातार यह सीट सपा के हिस्से में आती रही है। इस सीट पर यादव के बाद सबसे ज्यादा वोट दलित समाज का है इसलिए इस सीट पर सीधी टक्कर सपा और बसपा की होती रही है।

12:15 PM, 19-Jan-2022

गोवा में आप का चेहरा होंगे अमित पालेकर, केजरीवाल ने घोषित किया मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार
अमित पालेकर गोवा में आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। अमित पालेकर भंडारी समाज से आते हैं। उनके नाम का एलान करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो ऐसे शख्स को सीएम का चेहरा बना रहे हैं जिसके दिल में गोवा बसता है। जो गोवा के सब लोगों को साथ लेकर चलेगा। चाहे वो किसी भी धर्म-जाति के हों। जो पढ़ा लिखा होगा। जिसे हम गोवा के मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाएंगे वो इमानदार होगा। अभी तक गोवा के भंडारी समाज के मन में अन्याय की भावना है। पिछले साठ साल में इस समाज से केवल एक बार ढाई साल के लिए सीएम बना था। 

12:06 PM, 19-Jan-2022

भाजपा में शामिल होने के बाद क्या बोलीं अपर्णा यादव
भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा यादव ने कहा कि मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित रही हूं। राष्ट्रवाद मेरे जीवन का बहुत ही अहम हिस्सा रहा है। मैं हमेशा से किसी भी चीज से पहले राष्ट्र के बारे में सोचती हूं। लखनऊ कैंट से खुद के चुनाव लड़ने के बारे में अपर्णा ने कहा कि पार्टी मुझे जो कुछ कहेगी मैं वो करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी स्वतंत्रत होकर अपनी विचारधारा से जुड़ सकते हैं। देश को बचाना है तो राष्ट्रवाद के साथ चलना है, भाजपा राष्ट्रवाद के लिए अग्रसर रही है।

 

11:24 AM, 19-Jan-2022

उत्तराखंड पर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल
उत्तराखंड चुनाव के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल शाम 5 बजे होगी। इस बैठक में चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों के नाम पर मंथन होगा। 

11:19 AM, 19-Jan-2022

नड्डा से मिलने पहुंचीं अपर्णा यादव
 भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा यादव भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचीं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा भी थे। 

10:45 AM, 19-Jan-2022

भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा ने की मोदी-योगी की तारीफ
भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेरे चिंतन में राष्ट्र सबसे पहले है। अब मैं राष्ट्र की आराधना करने निकली हूं। मैं हमेशा से प्रधानमंत्री से प्रभावित रहती हूं। मैं हमेशा से भारतीय जनता पार्टी की स्कीम से प्रभावित रही हूं। 

10:41 AM, 19-Jan-2022

भाजपा में शामिल हुईं अपर्णा यादव
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हो गई हैं। अपर्णा ने भाजपा के दिल्ली स्थित हेडक्वॉर्टर में यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे। 

10:25 AM, 19-Jan-2022

भाजपा दफ्तर पहुंची अपर्णा थोड़ी देर में लेंगी पार्टी की सदस्यता

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा दफ्तर पहुंच गई हैं। अपर्णा थोड़ी देर में भाजपा की सदस्यता लेंगी। अपर्णा सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी हैं। उन्होंने 2017 में लखनऊ कैंट सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा था। 

10:07 AM, 19-Jan-2022

विधानसभा चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी प्रमुख और आजमगढ़ से सांसद अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 लड़ सकते हैं। अखिलेश के विधानसभा चुनाव लड़ने की खबर पर योगी सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने कहा है कि अखिलेश मन से चुनाव नहीं लड़ने जा रहें बल्कि वो भरे मन से चुनाव लड़ने जा रहे हैं क्योंकि भाजपा ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को चुनाव लड़ाने की की तो इसे लेकर उनके पार्टी के सदस्यों ने जरूर सवाल किया होगा। 

09:34 AM, 19-Jan-2022

UP Election: चुनाव आयोग से अखिलेश यादव को बड़ी राहत

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को चुनाव आयोग से बड़ी राहत मिली है। 14 फरवरी को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर वर्चुअली रैली में भीड़ जुटाने के मामले में आयोग ने सपा को हिदायत देकर छोड़ दिया। कहा कि ये सपा की पहली गलती थी। आगे ऐसा नहीं होना चाहिए। 

09:28 AM, 19-Jan-2022

Assembly Election 2022 Live : गोवा में आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे भंडारी समाज से आने वाले अमित पालेकर
UP Election: अपर्णा आज भाजपा जॉइन करेंगी

उत्तर प्रदेश की सियासत में आज समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव आज भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर सकती हैं। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में वह भाजपा की सदस्यता लेंगी। पार्टी की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक, 10:30 बजे पार्टी कार्यालय में सदस्यता समारोह होगा।