Mathura Corona Update: वृन्दावन के आश्रय सदन की 48 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Mathura Corona Update: वृन्दावन के आश्रय सदन की 48 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप

निर्मल राजपूत, मथुरा
कोरोना वायरस का संक्रमण यूपी में कहर बरपाने लगा है। इस बीच तीर्थनगरी मथुरा में एक बार फिर कोरोना बम फूटा है। वृंदावन के महिला आश्रय सदन में 48 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। एक जगह से इतने संक्रम‍ित म‍िलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। ज‍िले में एक द‍िन में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 300 के पार पहुंच गई।

मंगलवार को जिले में आई रिपोर्ट ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 24 घंटे में रेकॉर्ड 319 नए संक्रमित मिले हैं। तीसरी लहर में पहली बार इतनी संख्या में नए मरीज मिले हैं। जिले में अब सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1048 हो गया है। डॉ. भूदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला आश्रय सदन में 48 महिलाएं कोरोना से ग्रसित पाई गई हैं। सबकी जांच कराई गई थी।

महिला आश्रय सदन हॉट स्पॉट घोषित
डॉ. भूदेव ने बताया कि वृंदावन थाने में भी कई पुलिसकर्मी पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने कहा कि सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। मेडिकल किट सभी के लिए उपलब्ध करा दी गई है। वहीं महिला आश्रय सदन को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। लगातार कोविड-19 महिलाओं की जांच कराई जा रही है।