Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Assembly Elections 2022: यूपी में चुनावी धार देने में जुटे छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल, कांग्रेस ने सौंपी बड़ी ज‍िम्‍मेदारी

संदीप तिवारी, लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जमीन तलाशने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से जुटी है। इसके लिए यूपी में चुनावी धार देने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मैदान में उतर चुके हैं। प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता दिलाने के लिए बघेल हर संभव प्रयास कर रहें हैं। यही वजह है कि कांग्रेस ने इनको यूपी का सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। इसके साथ ही भूपेश बघेल और उनकी छत्तीसगढ़ की पूरी टीम प्रदेश में पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। जो यूपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेन‍िंग देने का काम कर रही है।

दरअसल, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी की सत्ता में काबिज होने के लिए किसी भी तरह की कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही हैं। प्रियंका के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी लगातार उनका साथ निभा रहे हैं। यही वजह है कि प्रियंका गांधी के साथ बघेल करीब आधा दर्जन मंच साझा कर चुके हैं। वहीं, अब कांग्रेस ने उनकी अकेले रैलियां और जनसभाएं भी शुरू करा दी हैं। बुधवार को भूपेश बघेल ने लखनऊ के इटौंजा में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया है। बता दें कि इस जनसभा में हजारों की संख्या में बख्शी तालाब विधानसभा क्षेत्र की जनता पहुंची।

बड़े नेताओं का उपयोग कर रही कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की कोशिश लगातार चल रही है। इसमें जिन राज्यों में चुनाव नहीं है। वहां के सभी बड़े नेताओं का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश में पूरा दायित्व संभाल रहे हैं। इसके साथ ही उनकी पूरी टीम भी प्रशिक्षण से लेकर अन्य कार्यों में लगी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की रैलियां और जनसभाएं हो रही हैं। आने वाले दिनों में देश भर से कांग्रेस पार्टी के नेता उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूती देने के लिए पहुंचेंगे।

‘किसानों की बात नहीं कर सकते, टेनी की औलाद की बात नहीं कर सकते’, यूपी में योगी पर बरसे भूपेश बघेल

आर्थिक मदद करने का संभाला था मोर्चा
बीते 26 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच कांग्रेस पार्टी ने 14 दिन का विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया था। इसका आगाज भी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय से किया था। उन्होंने इस अभियान के पहले ही दिन कई लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी। वहीं लखीमपुर खीरी में हुए किसान नरसंहार की घटना के बाद प्रियंका गांधी के साथ भूपेश बघेल ने आर्थिक मदद करने का मोर्चा संभाला था। बघेल ने करीब आधा दर्जन पीड़ित किसान परिवारों को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी।