Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अयोध्या मण्डल के श्रमिक परिवारों की पुत्रियों का वृहद सामूहिक विवाह समारोह का होगा कल आयोजन

Default Featured Image

प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिक एवं उनके परिवार के कल्याण के लिए तथा उनके जीवन स्तर को उन्नतिशील बनाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए 18 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिसका लाभ पाकर श्रमिक परिवार खुशहाल बन रहा है। उन्होंने बताया कि उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के अन्तर्गत कल दिनांक 26 नवम्बर, 2021 को अयोध्या मण्डल के श्रमिक परिवारों की पुत्रियों का वृहद सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें श्रमिक परिवारों की 3500 से ज्यादा लड़कियों की शादी करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की वर्तमान सरकार ने अभी तक श्रमिकों की 13641 लड़कियों की शादी करा चुकी है जिसमें गाजियाबाद में 2306, लखनऊ में 3260, मुरादाबाद में 2754, आगरा में 1177, कानपुर में 983 जोड़ों का विवाह शामिल हैं।
श्रम मंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवार की खुशहाली में ही हम सभी की खुशहाली जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के लिए संचालित श्रम विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना के तहत बोर्ड में पंजीकृत श्रमिक परिवार की पुत्रियों की शादी के लिए 75 हजार रूपए प्रति जोड़ा धनराशि का भुगतान किया जाता है। यह हितलाभ सामूहिक विवाह की स्थिति में ही प्रदान किया जाता है। साथ ही स्वजातीय विवाह करने पर 55 हजार रूपये और अन्तरजातीय विवाह करने में 61 हजार रूपये की धनराशि दी जाती है।