UP Elections: कुछ लोग राम का नाम लेते हैं पर सीता को भूल जाते हैं : सतीश चंद्र मिश्र – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Elections: कुछ लोग राम का नाम लेते हैं पर सीता को भूल जाते हैं : सतीश चंद्र मिश्र

मथुरा
बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र शुक्रवार को वृंदावन में साधु-संतों से मिले। उन्होंने कहा कि यहां मैं बचपन से आ रहा हूं। भगवान के धाम की यह दुर्दशा देखकर मन विचलित होता रहा। मैं राजनीति में आया तो अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से कहा कि ठाकुरजी की इस नगरी का सौंदर्यीकरण करवा दें। उस समय यहां काफी काम हुआ। सतीश मिश्र ने कहा कि कुछ लोग भगवान श्रीराम का नाम लेते हैं, लेकिन सीताजी का नाम भूल जाते हैं। उनको सीताराम बोलने में दिक्कत है। उन्होंने कहा कि हमारी फिर सरकार बनी तो सनातन धर्म और ब्रज को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

गौरतलब है कि यूपी चुनावों से पहले सक्रिय हुए सतीश चंद्र मिश्र इससे पहले अयोध्‍या में राम मंदिर का दर्शन करने के लिए भी गए थे। वहां उन्‍होंने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि यूपी में 13% ब्राह्मण हैं, फिर भी हाशिये पर हैं। इसका कारण है कि ब्राह्मण एकजुट नहीं हो पा रहा हैं। ब्राह्मणों को एकजुट होना पड़ेगा। असली ताकत तभी मिलेगी, जब ब्राह्मण एकजुट होगा। 13% ब्राह्मण व 23% दलित एक हो जाएगा तो सरकार बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। ब्राह्मण समाज बुद्धजीवी समाज है। हाथी नहीं गणेश है, ब्रम्हा विष्णु महेश है।

सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा था कि बसपा सरकार में 62 सीट ब्राह्मणों ने जीता। ब्राह्मण समाज के कारण ही बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार आई थी। बसपा सरकार में 2200 ब्राह्मणों को सरकारी वकील बनाया गया था। ब्राह्मण अधिकारी को उचित तैनाती दी गई। मेरा प्रदेश के ब्राह्मणों से आह्वान है कि जितनी ब्राह्मणों की हत्या हुई उससे सबक ले।