UP Assembly Elections 2022: जावेद अहमद बोले- 2022-24 छोड़िए, कांग्रेस 2029 में खड़ी हो जाए तो बड़ी बात होगी – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Assembly Elections 2022: जावेद अहमद बोले- 2022-24 छोड़िए, कांग्रेस 2029 में खड़ी हो जाए तो बड़ी बात होगी

लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जीत के लिए जहां राजनीतिक पार्टियां कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है तो वहीं नेता भी चुनावी समय में मौके की नजाकत को देखते हुए ठोस कदम उठाने में पीछे नहीं दिख रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगा है। कांग्रेस के दो नेताओं ने पार्टी को छोड़ दिया है। मंगलवार को प्रवक्ता जावेद अहमद और पैनलिस्ट अभिषेक बाजपेई ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है।

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधते हुए जावेद अहमद ने कहा कि ये वर्तमान समय इस देश के संविधान, लोकतंत्र और इस देश की सभ्यता, संस्कृति के साथ ही महापुरुषों को बचाने का समय है। देश को बचाने के समय कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी थी, जो बीजेपी और RSS को चुनौती दे सकती थी। शीर्ष नेतृत्व की रणनीति और प्रियंका जी के प्रयास के बाद भी पार्टी के दूसरी लाइन के नेता लगातार इस तरह का माहौल तैयार कर रहे थे। जिससे भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिल रही थी।

वहीं, जावेद अहमद ने कहा कि सलमान खुर्शीद, राशिद अल्वी और मणिशंकर अय्यर ने क्या कांग्रेस को खत्म करने की सुपारी आरएसएस से ले रखी है, जो हर चुनाव के समय कुछ न कुछ बोलेंगे। जिससे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रयास गर्त में चले जाएं। उसका नुकसान हो जाए। आगामी विधानसभा चुनाव पर जावेद ने कहा कि प्रियंका जी के प्रयास और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मेहनत पर पूरी तरीके से पानी फिर चुका है। 2024 छोड़ दीजिए, 2022 की लड़ाई कांग्रेस पहले ही 2021 में ही हार चुकी है। 2022 को छोड़ दीजिए, 2024 छोड़ दीजिए, कांग्रेस 2029 में खड़ी हो जाए तो बहुत बड़ी बात है।

पार्टी में नेताओं का छोड़कर जाना प्रियंका के लिए मुसीबत बना
कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी लगातार पार्टी को मजबूत करने के लिए हर एक कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए खासकर महिलाओं को लेकर भी कई चुनावी वादे किए हैं। टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40 फीसदी हिस्सेदारी देने की बात कही है, लेकिन ऐसे में पार्टी के नेताओं का छोड़कर जाना कहीं न कहीं चिंता का विषय है।