भिखारी बनकर दिन में रेकी, रात में बनाते निशाना…. – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

भिखारी बनकर दिन में रेकी, रात में बनाते निशाना….

तिहाड़ जेल से पेरोल पर बाहर आकर चोरी और लूट करने वाले बदमाश को उसके 2 साथियों के साथ सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से सेक्टर-23 और स्वर्णजयंतीपुरम के घरों से चुराई लाखों की जूलरी के साथ बाइक, स्कूटी, 6 मोबाइल और चाकू बरामद किए गए हैं।

आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले एसआई गौरव सिंह ने बताया कि बदमाशों के नाम भरत लुम्बा, विशाल और अश्वनी हैं। अश्वनी को लूट के मामले में दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। वह कुछ दिन पहले पेरोल पर बाहर आया था। इसके बाद अपने साथियों के साथ वारदात करने लगा।

3-4 दिन रेकी के बाद करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि कबाड़ी वाला, भिखारी समेत कई रूप बदलकर वह दिन और रात में रेकी करते थे। ऐसे में घर जिसमें कोई नहीं होता था। वह लगातार 3 से 4 दिन तक उस पर नजर रखते थे।

इस दौरान बीच में वहां बेल भी बजा देते थे, जिससे अगर कोई अंदर होगा तो बाहर आएगा। इसके बाद भरत और विशाल जाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के अलावा तीनों लूट की वारदात भी करते हैं। पुलिस उनके साथियों के बारे में जानकारी कर रही है।