पसगवां में उड़ीं लोकतंत्र की धज्जियां, – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

पसगवां में उड़ीं लोकतंत्र की धज्जियां,

लखीमपुर खीरी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यहां कहा कि पसगवां समेत पूरे प्रदेश में हिंसा के बूते भाजपा ने जीत हासिल की। लोकतंत्र का मजाक उड़ाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी योगी सरकार को शाबासी और बधाई दी। पसगवां समेत हिंसा वाली जगहों पर निर्वाचन रद्द कर दोबारा कराने के लिए चुनाव आयोग को वह पत्र लिखेंगी।प्रदेश दौरे पर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपना निर्धारित कार्यक्रम बदलकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे पसगवां इलाके के सेमराघाट पहुंचीं। वह ब्लॉक चुनाव के दौरान अभद्रता का शिकार हुईं सपा समर्थित उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक से मिलीं। सेमराघाट में सपा नेता क्रांति सिंह के घर ये दोनों महिलाएं रह रही हैं।

प्रियंका गांधी ने मुलाकात के दौरान दोनों को कई बार गले लगाया और उन्हें हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। सपा नेता क्रांति सिंह ने उन्हें घटना से जुड़े वीडियो भी दिखाए। आधे घंटे की मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आठ जुलाई को पसगवां ब्लॉक में महिला प्रत्याशी और उनकी प्रस्तावक से बदसलूकी हुई व उनके कपड़े खींचे गए। एक की गोद में छोटा बच्चा था उस पर भी किसी को तरस नहीं आया। ऐसी घटनाओं पर चुनाव को रद्द कर देना चाहिए, वह भी नहीं किया गया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि नामांकन पत्र भरना और चुनाव लड़ना उनका सांविधानिक हक था। यह अधिकार उनसे छीना गया है। जिस सीओ ने बचाने की कोशिश की, उसे ही सरकार ने निलंबित कर दिया।

You may have missed