Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

वेंकैया हिमाचल विधानसभा की घटना से व्यथित

Default Featured Image

27 फरवरी (वार्ता) हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में हाल ही में राज्यपाल के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से व्यथित उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को सभी जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे हर मंच पर सभ्य और गरिमापूर्ण तरीके से अपना आचरण बनाएं रखें।
तमिलनाडु के डॉ. बी आर अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय के 11 वें दीक्षांत समारोह में श्री नायडू ने कहा कि न्यायपालिका, विधायिका या कार्यपालिका में उच्च नैतिक मानकों और अनुकरणीय आचरण आदर्श का पालन होना चाहिए।
उन्होंने कहा,“ सार्वजनिक जीवन और उच्च पदों पर बैठे लोगों को उच्च मानकों को बनाए रखकर दूसरों के लिए एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए।”
गौरतलब है कि कल हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय के साथ कुछ कांग्रेस सदस्यों ने कथित तौर पर हाथापाई की जिसके बाद पांच कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया गया।
उप राष्ट्रपति ने कहा,“ हिमाचल प्रदेश विधानसभा और कुछ अन्य राज्यों में हाल की घटनाओं से मैं व्यथित हूं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे हर मंच पर एक सभ्य और गरिमापूर्ण तरीके से आचरण करें, अन्यथा, लोगों का राजनीति से जल्द ही मोहभंग हो सकता है।”
श्री नायडू ने कहा कि कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों पर अत्याचार से संबंधित मामले भी चिंताजनक हैं।