Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

BJP के मिशन 2024 का ऐलान, यूपी की सभी 80 सीटें जीतेंगे… कार्यकर्ताओं को भूपेंद्र चौधरी ने दिया टास्क

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2024 का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया है। यूपी की 80 सीटों में से वर्ष 2014 में भाजपा ने 71 पर जीत दर्ज की थी। वहीं, आम चुनाव 2019 में पार्टी ने 62 सीटें जीती थीं। दोनों चुनावों में पार्टी को मिली बड़ी सफलता के कारण पूर्ण बहुमत हासिल करने में दिक्कत नहीं हुई। एक बार फिर पार्टी अपनी नई रणनीति पर काम करती दिख रही है। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को पिछले उप चुनावों में मिली हार-जीत की चर्चा के साथ ही कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 80 सीटें जीतकर नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाना है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के लक्ष्य का तालियों के साथ अपना समर्थन दिया।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बिना रुके, बिना थके परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने जहां प्रदेश में हुए उपचुनावों (आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव, गोला गोकर्णनाथ और रामपुर विधानसभा उपचुनाव) में भाजपा को जिताने का काम किया। वहीं खतौली और मैनपुरी में मिली असफलताओं ने संदेश भी दिया कि हमें मिलकर अभी ‘और परिश्रम और ज्यादा परिश्रम’ करने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की बाकी सीटों को जीतकर मिशन-2024 के 80 सीटों पर जीत के लक्ष्य को हासिल करते हुए प्रचंड बहुमत के साथ नरेंद्र भाई मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने की प्रतिबद्धता पूर्ण करनी है।मिलकर लक्ष्य पूरा करने की कही बात
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह लक्ष्य हम सब मिलकर पूरा करेंगे। आने वाले सभी चुनावों में हम भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से निश्चित रूप से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नगर निकायों के चुनाव अब तक‍ संपन्न हो चुके होते। विपक्षी दलों ने जिस तरह हथकंडे अपनाकर अड़ंगा लगाने का कुत्सित प्रयास किया, उससे आज निकाय प्रशासन तंत्र के अधीन चला गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सभी वर्गों के हितों की चिंता करने वाली हमारी सरकार न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए जल्द निकाय चुनाव कराएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि अदालत की अनुमति के बाद जिस दिन निकाय चुनाव होंगे, भाजपा चुनाव को बाधित करने वाले दलों को जरूर पराजित करेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संसदीय उपचुनावों में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हमने विपक्ष को आधारहीन किया और विधानसभा उपचुनाव तक में विपक्ष को यह बता दिया कि अब उनके लिए दिल्ली बहुत दूर है। हालांकि, तमाम सफलताओं के बीच हमने असफलता भी देखी है। हम सभी जानते हैं कि पराजय का डर हमारे अंदर आता ही नहीं है, क्योंकि हमारी यात्रा के हर पड़ाव ने हम सभी को दोगुनी शक्ति हर बार दी है। हमारा विश्वास तो इस बात से बढ़ता है कि ‘क्या हार में क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत हम, कर्तव्य पथ पर जो मिले यह भी सही, वह भी सही।’ न्होंने कहा कि इस सूत्र को लेकर हम सब अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर गतिमान हैं और इसीलिये हमारा संगठन भी सतत प्रवाहमान है।

विपक्षी दलों पर प्रदेश अध्यक्ष का हमला
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भारत को मिली जी-20 समूह और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठनों की अध्यक्षता ने देश में इतिहास के एक नए अध्याय का सूत्रपात किया है। वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश जैसे सबसे बड़े प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए तीसरा सम्मेलन करने को तैयार है। बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछड़ों के नाम पर राजनीति करके सत्ता प्राप्त करने वाले दलों के नेताओं ने अब तक सिर्फ अपने परिवार और अपने कुछ चहेतों का ही भला किया है। जातियों की राजनीति करने वाले परिवारवादी दल ये भूल चुके हैं कि उत्तर प्रदेश की जनता अब चुनाव में जाति और भाई-भतीजावाद की राजनीति को नकार चुकी है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नयी ऊंचाई छू रही है।हीराबा और मुलायम को श्रद्धांजलि
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की मां हीराबेन मोदी, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राज्य के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी समेत कई नेताओं के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के द्वितीय सत्र की शुरुआत में प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने शोक प्रस्ताव रखा। इसमें कहा गया है कि प्रदेश कार्यसमिति की पिछली बैठक 29 मई 2022 को लखनऊ में हुई थी। उसके बाद पार्टी को अपने कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की असमय मृत्यु का आघात लगा है। विपक्ष के कुछ राजनेताओं को भी प्रदेश ने काल के हाथों खोया है। कुछ प्रतिष्ठित पत्रकार, साहित्यकार, इतिहासविदों और अनेक कार्यकर्ताओं और परिवारजनों को भी हमने खोया है।

कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, दिवंगत विधायक अरविंद गिरी, पूर्व विधायक गण सुंदर लाल दीक्षित एवं विक्रमाजीत मौर्य, राम नरेश रावत, पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय समेत अनेक दिवंगत कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। दो मिनट मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।