Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

‘जो चुनाव प्रचार नहीं करते थे वो आज घर-घर जाकर मान-मनौव्वल कर रहे’… BJP चीफ भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश पर वार

मैनपुरी/इटावा: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में चुनाव प्रचार करने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग ही अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर आरोप लगाते थे कि वह चुनाव में प्रचार करने नहीं जाते हैं। अब वह घर-घर जाकर मान-मनौव्वल कर रहे हैं। चाहे सपा हो या बसपा हो, अब सबका गढ़ खत्म हो गया है।

भूपेंद्र ने कहा कि सपा के लोग कहते थे ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष उपचुनाव में प्रचार करने नहीं जाते हैं। लेकिन आज घर-घर जाकर प्रचार भी कर रहे हैं। साथ ही चचा की मान-मनौव्वल भी कर रहे हैं। पहले चर्चा होती थी कि ये सपा का गढ़ है, वो बसपा का गढ़ है। लेकिन अब सबका गढ़ खत्म हो गया। सपा की गुंडागर्दी, अपराधीकरण, भ्रष्टाचार, जातिवाद तथा परिवारवाद की पॉलिसी के कारण सैफई परिवार को प्रधानी के भी लाले पड़ जाएंगे।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी बुधवार को मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के तहत जनपद इटावा की जसवंतनगर विधानसभा में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा को यदि लगता है कि उनका कोई गढ़ है तो यह उनका भ्रम है। अब किसी का कोई गढ़ नहीं है। हर जगह से भाजपा को जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।

बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, ‘आज भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी है। हम सबको साथ लेकर सबके विकास के संकल्प के साथ सबका विश्वास अर्जित कर आगे बढ़ रहे हैं। बीजेपी कार्यकर्ता केंद्रित पार्टी है और पार्टी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच में रहकर काम करते हैं। इसलिए हमारे लिए कोई भी चुनाव बड़ा नहीं होता है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है।

चौधरी ने कहा कि अखिलेश सरकार में मैनपुरी और इटावा का क्षेत्र गुंडागर्दी से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश में गुंडे, अपराधियों तथा माफियाओं पर कानून का शिकंजा कसा गया। प्रदेश के माफिया और अपराधी गले में तख्ती लगाकर घूमते हुए सरेंडर करने लगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर पिछली सरकार के लूट, कब्जे, गुंडई, डकैती, वसूली और अपराधियों को संरक्षण देने वाली सपा सरकार के काले कारनामें जनता को स्मरण कराना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को भी जनता तक पहुंचाने का काम करना है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में वोटों की गिनती वाले दिन इस क्षेत्र का इतिहास बदल जाएगा। नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में एक नया वर्क कल्चर आया है। आज दुनिया में भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। आज भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए एवं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। यहीं कारण है कि जनता बार-बार भाजपा को आशीर्वाद दे रही है।