Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ravindranath Tripathi: भदोही से भाजपा विधायक के इस्तीफे वाला लेटर पैड वायरल, स्वामी प्रसाद मौर्य को बताया अपना नेता

Default Featured Image

भदोही
योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान के भाजपा छोड़ने के बाद कई विधायकों के पार्टी छोड़ने की आशंका बनी हुई है और इसी बीच भदोही विधानसभा से भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी का एक लेटर पैड वायरल हुआ है। लेटर पैड में लिखा है कि वो स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ पार्टी छोड़ रहे हैं। लेटर पैड वायरल होते ही सियासी गलियारों में हड़कम्प मच गया। इसके बाद आनन-फानन में विधायक रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी ने प्रेसवार्ता बुलाते हुए लेटर पैड को फर्जी करार दिया है और कहा कि यह कुछ लोगों की साजिश है, वो भाजपा छोड़कर कहीं नही जाएंगे।

विधायक ने कहा कि वो भाजपा के कार्यकर्ता हैं। भाजपा में दरी बिछाने से लेकर विधायक बनने तक का सफर तय किया है। उनके खून की आखिरी बूंद भी भाजपा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि किसी विपक्षी नेता ने दुर्भावना से प्रेरित होकर ऐसा कार्य किया है। लेटर पूरी तरह फर्जी है और फर्जी लेटर बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने पुलिस से लिखित शिकायत की है।

गौरतलब हो कि विधायक रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी 2017 के चुनाव के दौरान बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें स्वामी प्रसाद मौर्य के खेमे का माना जाता रहा और ऐसा कहा जाता है कि स्वामी प्रसाद मौर्य की मदद से रवीन्द्रनाथ को भदोही से टिकट मिला था। रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी चुनाव जीतकर विधायक हुए। ऐसे में अब जब योगी मंत्रिमंडल से स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफा दिया तो जिले में यह चर्चा तेज हो गई कि उनके करीबी रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी भी उनके साथ पार्टी छोड़ सकते हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर विधायक का एक लेटर भी वायरल हो गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित लेटर में लिखा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य मेरे नेता हैं, इसलिए उनके साथ मैं पार्टी छोड़ रहा हूं, यह लेटर वायरल होते ही विधायक रवीन्द्रनाथ सकते में आ गए और उन्होंने तत्काल पत्रकार वार्ता बुलाते हुए बताया कि लेटर फर्जी है और भाजपा छोड़कर कहीं नही जाएंगे।