Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

आज ही के दिन 12 साल पहले युवराज ने छह छक्के लगाए थे, भारत ने इंग्लैंड को हराया था

Default Featured Image

भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक ओवर छह छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2007 में 19 सितंबर को ही टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ ग्रुप मैच में स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर लगातार छह छक्के मारे थे। दक्षिण अफ्रीका के किंग्समीड में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 18 रन से हराया था। युवराज ने 16 गेंद की पारी में 7 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में आगे ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल और पाकिस्तान को फाइनल में हराया था।

युवराज सीमित ओवरों में भारत के लिए चार नंबर पर ऑलटाइम बेस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं। उस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। 18वें ओवर में टीम इंडिया के 3 विकेट पर 171 रन थे। उस समय युवराज और तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर थे। युवराज ने 18वें ओवर में इंग्लिश ऑलराउंड एंड्रयू फ्लिंटॉफ की गेंद पर दो चौके लगाए। इसके बाद फ्लिंटॉफ युवराज से बहस करने लगे। अंपायर ने दोनों को अलग किया।

युवराज ने फ्लिंटॉफ से बहस के बाद ब्रॉड को छह छक्के मारे
युवराज उस बहस के बाद गुस्से में आ गए। स्टुअर्ट ब्रॉड अगला ओवर करने आए। युवराज ने पहली गेंद को मिड-विकेट के ऊपर से छह रन के लिए बाउंड्री के बाहर भेज दिया। दूसरी गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग, तीसरी गेंद पर वाइड लॉन्ग ऑफ, चौथी गेंद पर पॉइंट, पांचवीं गेंद पर स्क्वायर लेग और छठी गेंद पर वाइड लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाया। युवराज ने 12 गेंद पर अर्धशतक पूरे कर लिए थे। वे टी-20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

युवराज ने टूर्नामेंट में 194.74 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे
युवराज ने जून में संन्यास लिया था। उन्होंने उस वर्ल्ड कप की 5 पारियों में 29.60 की औसत से 148 रन बनाए थे। युवराज का स्ट्राइक रेट 194.74 का था। उन्होंने टूर्नामेंट में 9 चौके और 12 छक्के लगाए थे। वे उस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। पहले स्थान पर न्यूजीलैंड के क्रेग मैकमिलन (13) थे। युवराज सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के मामले में तीसरे स्थान पर थे। उनसे ज्यादा स्ट्राइक रेट पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (197.83) और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (195.00) का था।