Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

भारतीय सिक्सर किंग धोनी के पास बतौर कप्तान 200वां मैच खेलने का मौका

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में महेंद्र सिंह धोनी सबसे ज्यादा 216 छक्के मारने वाले भारतीय हैं। लीग के इस भारतीय सिक्सर किंग ने कई और भी बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं, जो अब तक कोई नहीं कर सका है। धोनी बतौर कप्तान सबसे ज्यादा IPL मैच खेलने वाले कप्तान हैं। अब उनके पास 200वां मैच खेलने का मौका भी है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे अकेले कप्तान होंगे।

विकेट कीपिंग में भी धोनी बेस्ट हैं। उन्होंने अब तक सबसे ज्यादा 148 खिलाड़ियों को शिकार बनाया है। दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजते ही वे 150 का आंकड़ा छू लेंगे और ऐसा करने वाले लीग के पहले विकेटकीपर बन जाएंगे।

धोनी की कप्तानी में CSK ने सबसे ज्यादा 8 बार फाइनल खेला
कप्तानी में सबसे ज्यादा मैच जीतने के साथ ही उन्होंने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को सबसे ज्यादा 8 बार फाइनल में पहुंचाया। इस दौरान टीम ने तीन बार खिताब भी जीता। हालांकि बतौर खिलाड़ी धोनी सबसे ज्यादा 9 बार फाइनल खेलने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।

एक बार उन्होंने पुणे सुपर जॉइंट्स के लिए फाइनल खेला था। इस मामले में सुरेश रैना दूसरे नंबर पर हैं। ग्राफिक्स के जरिए देखिए धोनी के रिकॉर्ड्स…

IPL के 14वें सीजन का आगाज 9 अप्रैल से होने वाला है। फाइनल 30 मई को खेला जाएगा। इस सीजन में सभी 8 टीमें 52 दिन में फाइनल समेत 60 मुकाबले खेलेंगी। सभी मुकाबले 6 शहरों अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में होंगे। फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहली बार ऐसा हो रहा है कि देश में टूर्नामेंट होने के बावजूद कोई भी टीम अपने घर में मैच नहीं खेलेगी। यानी कि कोलकाता का मैच कोलकाता और मुंबई का मैच मुंबई में नहीं होगा।

मुंबई ने सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीता

IPL इतिहास में अब तक मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीता है। रोहित की कप्तानी में टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैम्पियन रही। दूसरे नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई टीम ने 3 बार (2010, 2011, 2018) खिताब अपने नाम किया है। CSK ने सबसे ज्यादा 8 बार फाइनल खेला। इस दौरान टीम 5 बार (2008, 2012, 2013, 2015, 2019) रनरअप रही।

कोलकाता और हैदराबाद ने 2-2 बार खिताब जीता। कोलकाता 2012, 2014 और हैदराबाद 2009, 2016 में चैम्पियन रहीं। एक बार राजस्थान ने 2008 में खिताब अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट का पहला सीजन था। पंजाब, दिल्ली और बेंगलुरु अब तक खिताब नहीं जीत सकी हैं। पिछले सीजन में मुंबई ने दिल्ली को हराकर 5वीं बार खिताब जीता था।